भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक नया इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की विश्व रैंकिंग में पहली बार पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। टीम ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि मंगलवार को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में जारी ‘मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026’ में चीन को 6-2 से करारी शिकस्त देने के बाद हासिल की।
यह भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में अब तक की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीम के निरंतर बेहतर प्रदर्शन और बढ़ती साख को दर्शाती है।
अक्टूबर 2003 में एफआईएच विश्व रैंकिंग शुरू होने के बाद से भारतीय टीम ने वैश्विक मंच पर लगातार प्रगति की है। इससे पहले टीम की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग छठा स्थान थी, जिसे उसने मई-जून 2022 में एफआईएच प्रो लीग में शानदार खेल के बाद और फिर 2023 में हासिल किया था। इससे पूर्व टोक्यो 2020 ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने के बाद भारत आठवें स्थान पर पहुंचा था, जबकि 2018 महिला विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के बाद टीम नौवें स्थान पर रही थी।
भारतीय महिला हॉकी के लिए यादगार साबित हुआ साल 2026
वर्ष 2026 भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए कई ऐतिहासिक सफलताओं का गवाह बना है। टीम ने साल की शुरुआत एफआईएच विश्व कप के लिए क्वालीफाई करके की और इसके बाद एफआईएच नेशंस कप का खिताब अपने नाम किया।
कोच शोर्ड मारिन के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान प्राप्त किया, जो 1974 के बाद इस टूर्नामेंट में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसके बाद टीम ने 44 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता और इस शानदार जीत के साथ लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का सीधा टिकट भी कटाया। इन तमाम उपलब्धियों ने विश्व हॉकी में भारत के कद को काफी ऊंचा कर दिया है।
हॉकी इंडिया ने दी ऐतिहासिक सफलता पर बधाई
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंचना पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है और यह खिलाड़ियों व सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत और अटूट विश्वास का नतीजा है।
वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने इसे हर भारतीय हॉकी प्रेमी के लिए जश्न का अवसर बताया। उन्होंने नेशंस कप, एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक और विश्व कप के शानदार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने बड़े मंचों पर अपनी मेहनत को नतीजों में बदला है और आने वाले समय में टीम इससे भी बड़े कीर्तिमान स्थापित करेगी।
अब भारतीय महिला हॉकी टीम का लक्ष्य अपनी इस जीत की लय को बरकरार रखते हुए इस यादगार साल में कुछ और सुनहरे अध्याय जोड़ने का है।
