उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट ने रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। नियुक्ति का फैसला मंगलवार को अयोध्या के मणिराम दास छावनी में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा पश्चिमी वायु कमान के पूर्व कमांडर रह चुके हैं। उन्होंने 30 अप्रैल 2026 को भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्ति ली थी। उन्हें अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। ऑपरेशन सिंदूर में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
ट्रस्ट के CEO के रूप में जीतेंद्र मिश्रा श्रीराम मंदिर परिसर से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही ट्रस्ट के संचालन और प्रमुख व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी उनके पास होगी।
ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बैठक में तीन नए सदस्यों की नियुक्ति की भी जानकारी दी। इनमें अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय, दिल्ली के महेश भगचंदका और शिकोहाबाद की सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. निर्मला यादव शामिल हैं।
मंदिर में दान राशि की कथित चोरी के आरोपों के बाद CEO के चयन के लिए 6 जुलाई को तीन सदस्यीय सर्च कमेटी गठित की गई थी। इसमें सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावरे शामिल थे। CEO पद के लिए पांच हजार पांच सौ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे।
