कटिहार जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुर्सेला पुलिस ने गुरुवार देर रात एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर चिंता हरण मंदिर के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जहां से आरोपी के पास से 205.94 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मदरौनी गांव निवासी विक्की कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक स्मैक लेकर मदरौनी से कुर्सेला की ओर आ रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही कुर्सेला थाना पुलिस ने एनएच-31 पर विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
कुर्सेला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
