जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर स्वदेश लौटे भारतीय दल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल खोलकर तारीफ की है। प्रधानमंत्री ने पैरा-एथलीटों के इस प्रदर्शन को पूरे देश के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का क्षण करार दिया।
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने लिखा कि एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पैरा-एथलीटों ने रिकॉर्ड 114 पदक जीतकर इतिहास रचा है, जो इन खेलों के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने भारतीय दल के हर सदस्य के दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक एथलीट ने अपनी सफलताओं से अनगिनत देशवासियों को प्रेरित किया है।
इस बार खेलों के पांचवें संस्करण में भारत ने 168 एथलीटों का दल भेजा था। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक सहित कुल 114 पदक अपने नाम किए और तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय दल के लिए सबसे ज्यादा 65 पदक एथलेटिक्स स्पर्धाओं से आए।
गौर करने वाली बात यह है कि पिछले संस्करण (हांगझोऊ) की तुलना में इस बार भारत ने 135 कम एथलीट भेजे थे, इसके बावजूद कुल पदकों की संख्या में 6 पदकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऐतिहासिक सफलता हासिल कर दिल्ली हवाई अड्डे पहुँचे भारतीय दल का जोरदार और भव्य स्वागत किया गया।
