जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा की बैठक सोमवार से और राज्यसभा की बैठक बुधवार से फिर से शुरू होने जा रही है। कामकाज की आवश्यकता के अनुसार, दोनों सदनों की यह बैठकें 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती हैं। इन बैठकों के दौरान दोनों ही सदनों में प्रश्नकाल, शून्यकाल या गैर-सरकारी सदस्यों का कामकाज (प्राइवेट मेंबर्स बिजनेस) नहीं होगा। यह कदम दोनों सदनों की विशेष बैठक बुलाने के सरकार के प्रस्ताव के बाद उठाया गया है।
लोकसभा बुलेटिन के अनुसार, अध्यक्ष ओम बिरला ने निर्देश दिया है कि 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई लोकसभा की बैठक अब सोमवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी। वहीं, राज्यसभा बुलेटिन में कहा गया है कि 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए उच्च सदन को राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए बुधवार सुबह 11 बजे फिर से बुलाया है। इससे पहले, सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से इन तारीखों पर दोनों सदनों की बैठकें फिर से बुलाने का अनुरोध किया था। गौरतलब है कि 13 अगस्त को दोनों सदनों के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद से अब तक मानसून सत्र का सत्रावसान (प्रोरोग) नहीं किया गया है।
