महाराष्ट्र के नगर पंचायत और नगर परिषद चुनावों में महायुति को मिले प्रचंड जनसमर्थन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने खुशी जताई है। सभी वरिष्ठ नेताओं ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित एनडीए के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए वह महाराष्ट्र की जनता के आभारी हैं। प्रधानमंत्री ने इसे जन-केंद्रित विकास के दृष्टिकोण पर जनता के विश्वास का प्रतीक बताया और कहा कि सरकार राज्य के हर नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करती रहेगी। उन्होंने जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले भाजपा और महायुति कार्यकर्ताओं की भी सराहना की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र में नगर पंचायत और नगर परिषद चुनावों में महायुति की ऐतिहासिक विजय के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एनडीए के सभी सदस्यों, प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और भाजपा-एनडीए के कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता का अटूट समर्थन दर्शाती है।
भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने महायुति को मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन के लिए महाराष्ट्र की जागरूक जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में एनडीए सरकारों द्वारा समाज के हर वर्ग के उत्थान और समावेशी विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर जनता की गहरी आस्था को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार सहित एनडीए परिवार के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों में भाजपा के प्रदर्शन को ऐतिहासिक जनादेश बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों के पिछले 20 से 25 वर्षों के इतिहास में यह जीत अभूतपूर्व है और यह राज्य में विकास व सुशासन के प्रति जनता के विश्वास को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
