मिर्जापुर में राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात ने महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को लेकर जनसुनवाई की। यह कार्यक्रम जिला पंचायत सभागार कक्ष में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान नीलम प्रभात ने कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में सामने आए अधिकांश मामले घरेलू हिंसा से जुड़े थे। कई महिलाओं ने शिकायत की कि 10 से 11 वर्षों तक पति के साथ रहने के बाद भी उन्हें घर से निकाल दिया गया।
नीलम प्रभात ने कहा कि इस प्रकार के मामलों का समाधान समय लेने वाला होता है और इसमें समाज की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपील की कि समाज को आगे आकर ऐसे मामलों को रोकने और पीड़ित महिलाओं को सहयोग देने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
इस जनसुनवाई में एसडीएम सदर गुलाब चंद्र, क्षेत्राधिकारी मड़िहान शिखा भारती सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान करना था।
