प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने स्वागत के लिए राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार और करीबी मित्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा भारत-सेशेल्स संबंधों को और मजबूत करेगा तथा दोनों देशों के लोगों के हित में सहयोग को नई दिशा देगा।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विक्टोरिया स्थित बॉटनिकल गार्डन का दौरा किया और वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति हर्मिनी की उपस्थिति में कोको डी मेर का पौधा लगाया। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह वृक्षारोपण ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का हिस्सा है और पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति भारत और सेशेल्स की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बॉटनिकल गार्डन में विशाल कछुओं के संरक्षण केंद्र का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि अल्दाब्रा विशाल कछुए भारत और सेशेल्स की मित्रता का एक खास प्रतीक हैं। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2014 में ऐसे दो विशाल कछुए अलीपुर चिड़ियाघर, कोलकाता को भेंट किए गए थे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय लंबे समय से भारत और सेशेल्स के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहा है और दोनों देशों के लोगों के रिश्तों को गहरा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी बन गए हैं।
