मोहाली के रकौली स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “परीक्षा पे चर्चा” को ध्यानपूर्वक सुना। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों के परीक्षा तनाव को कम करना और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पढ़ाई के साथ-साथ समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच बनाए रखने और विभिन्न प्रकार के कौशल विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे पढ़ाई के साथ जीवन कौशल और व्यावहारिक ज्ञान पर भी ध्यान दें, जिससे भविष्य में उन्हें बेहतर अवसर मिल सकें।
जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों ने प्रधानमंत्री मोदी की सलाह की सराहना की। छात्रों ने कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें परीक्षा की तैयारी के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें पढ़ाई को लेकर तनाव कम महसूस हो रहा है और वे खुद को परीक्षा के लिए ज्यादा तैयार महसूस कर रहे हैं।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस पहल की प्रशंसा की। शिक्षकों का कहना है कि इस कार्यक्रम के जरिए उन्हें छात्रों की सोच और समस्याओं को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलती है, जिससे वे उन्हें सही मार्गदर्शन दे सकते हैं।
बताया गया कि यह कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और देशभर के छात्रों तक पहुंच रहा है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
