हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘भारत कोकिला’ के नाम से प्रसिद्ध महान स्वतंत्रता सेनानी और देश की पहली महिला राज्यपाल सरोजिनी नायडू की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरोजिनी नायडू का स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन देशभक्ति, संघर्ष और समर्पण की मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरोजिनी नायडू ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने लोगों से महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
सरोजिनी नायडू को भारत के स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख महिला नेताओं में गिना जाता है। उन्होंने सामाजिक सुधार, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई थी।
