प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि केंद्र सरकार भारत के युवाओं के लिए देश और विदेश दोनों स्तरों पर नए अवसर पैदा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत कई देशों के साथ ट्रेड और मोबिलिटी एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर कर रहा है, जिससे देश के कुशल युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार और कार्य अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं।
प्रधानमंत्री यह बात आज नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से आयोजित 18वें राष्ट्रीय रोजगार मेले को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला अब एक सशक्त संस्थान का रूप ले चुका है और इसके माध्यम से अब तक लाखों युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और रोजगार मेलों के माध्यम से पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये पहलें ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान रोजगार मेला पहल के तहत 61 हजार से अधिक नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। 18वां रोजगार मेला देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया, जिसके तहत चयनित उम्मीदवार विभिन्न मंत्रालयों और सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।
