प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह आंध्र प्रदेश में कनेक्टिविटी, ऊर्जा और टेक्नोलॉजी से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके बाद वह कर्नाटक के मैसूर पहुंचकर एक सांस्कृतिक केंद्र का उद्घाटन करेंगे।
आंध्र प्रदेश को क्या-क्या मिलेगा?
प्रधानमंत्री विजयनगरम जिले के भोगापुरम में 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
- अल्लूरी सीताराम राजू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा: भोगापुरम में बने इस नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का उद्घाटन किया जाएगा। Public-Private Partnership (PPP) मॉडल पर 5,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बना यह एयरपोर्ट हर साल 60 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। इससे राज्य में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
- राज्य का पहला सेमीकंडक्टर प्लांट: विशाखापट्टनम में 460 करोड़ रुपये की लागत वाले ‘ASIP सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट’ की आधारशिला रखी जाएगी। ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन’ के तहत स्वीकृत यह आंध्र प्रदेश का पहला प्लांट है, जहां हर साल करीब 9.6 करोड़ चिप्स बनाए जाएंगे।
- ग्रीन एनर्जी और बिजली प्रोजेक्ट्स: पीएम मोदी कुरनूल और अनंतपुरम में सौर और पवन ऊर्जा क्षेत्रों से जुड़े कई बड़े ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें पावरग्रिड द्वारा कार्यान्वित 5,550 करोड़ रुपये का रिन्यूएबल एनर्जी ज़ोन प्रोजेक्ट भी शामिल है।
- नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स: 1,880 करोड़ रुपये से अधिक के राजमार्ग विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण होगा। इससे विशाखापट्टनम और हैदराबाद के बीच यात्रा का समय घटेगा और विजयवाड़ा जैसे शहरों में ट्रैफिक की समस्या कम होगी।
कर्नाटक दौरा: मैसूर में ‘विवेका स्मारक’ का उद्घाटन
आंध्र प्रदेश के कार्यक्रम संपन्न करने के बाद प्रधानमंत्री कर्नाटक के मैसूर पहुंचेंगे।
यहाँ वह ‘स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र – विवेका स्मारक’ का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
- यह स्मारक स्वामी विवेकानंद की नवंबर 1892 की ऐतिहासिक मैसूर यात्रा की याद में बनाया गया है।
- ऐतिहासिक निरंजन मठ में 81 हजार वर्ग फीट में बने इस केंद्र में 4-D एक्सपीरियंस सेंटर, 700 सीटों वाला एम्फीथिएटर, लाइब्रेरी, ध्यान-योग हॉल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं शामिल हैं।
