प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी मां को भावुक होकर याद किया। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ‘ट्रायम्फ ऑफ द इंडियन रिपब्लिक: माई लाइफ, माई स्ट्रगल्स’ के विमोचन के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कोविंद के जीवन संघर्षों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए अपनी मां की स्मृतियां भी साझा कीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह भाग्यशाली रहे कि उनकी मां सौ वर्ष से अधिक समय तक जीवित रहीं और उन्हें आशीर्वाद देती रहीं। उन्होंने कहा, “इसके बावजूद आज भी मैं मां की कमी महसूस करता हूं।”
रामनाथ कोविंद के जीवन संघर्षों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आमतौर पर व्यक्ति अपनी सफलता का श्रेय स्वयं को देता है और कठिनाइयों के लिए समाज को जिम्मेदार ठहराता है। लेकिन भारतीय संस्कारों से प्रेरित उदार हृदय वाला व्यक्ति समाज की कमियों पर ध्यान देने के बजाय उसके सकारात्मक पक्ष को देखता है और अपनी सफलता में समाज की भूमिका को स्वीकार करता है। उन्होंने कहा कि कोविंद की आत्मकथा और उसका शीर्षक इसी भावना को दर्शाते हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि रामनाथ कोविंद का जन्म कानपुर देहात के एक साधारण परिवार में हुआ था। बचपन में उनके घर में आग लगने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी मां घर का सामान बचाने के प्रयास में आग की चपेट में आ गईं और उनकी मृत्यु हो गई। इतनी कम उम्र में मां को खोना बेहद पीड़ादायक था, लेकिन इस कठिन परिस्थिति ने कोविंद को तोड़ने के बजाय उन्हें मजबूत बनाया। पड़ोस की एक महिला ने उनके पालन-पोषण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पीएम मोदी ने कहा कि संघर्षों के बीच रामनाथ कोविंद ने शिक्षा को अपनी ताकत बनाने का माध्यम बनाया। संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने मेहनत जारी रखी और ऐसे मुकाम तक पहुंचे जिसकी उस समय शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। उन्होंने भारत के राष्ट्रपति पद तक पहुंचने के बाद भी अपनी विनम्रता और सादगी को बनाए रखा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि रामनाथ कोविंद के जीवन में देशसेवा की भावना हमेशा प्रमुख रही। मोरारजी देसाई के साथ काम करने के दौरान उन्हें सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिला। इसके बाद उन्होंने राजनीति और समाजसेवा को अपने जीवन का मार्ग बनाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविंद ने अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण और सेवा की भावना के साथ काम किया, जिसका प्रमाण संसद में उनका कार्यकाल भी है।
