प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सांसद खेल महोत्सव देश को हजारों प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रदान कर रहा है। आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सांसद खेल महोत्सव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस आयोजन का स्वरूप और प्रभाव दोनों लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के मंत्र के साथ यह खेल महोत्सव एक मजबूत स्तंभ के रूप में उभर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ी खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष खेल का महत्व सीखते हैं, जो उन्हें सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बनाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सक्षम और अनुशासित युवा ही देश के भविष्य का निर्माण करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 में जब भारत अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा, तब पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही होगी। उन्होंने इसे युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर बताया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत वर्ष 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि 2036 में जो खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, वे आज 10 से 12 वर्ष की आयु वर्ग में हैं। ऐसे में उनकी प्रतिभा को अभी से निखारने और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की आवश्यकता है, जिसमें सांसद खेल महोत्सव की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें खेलने के पर्याप्त अवसर दें। उन्होंने कहा कि खेल केवल शिक्षा का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
