प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज चेन्नई के आईआईटी-मद्रास में आयोजित एक कार्यक्रम में तमिलनाडु में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी उपस्थित थे। ये परियोजनाएं सड़क और रेल परिवहन, बंदरगाह बुनियादी ढांचे, पेट्रोलियम और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी हैं।
इनमें लगभग 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, चेन्नई पोर्ट, कामराज पोर्ट और वी.ओ. चिदंबरनार पोर्ट की पहल, तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का विकास शामिल है।
कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इन विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इनसे कनेक्टिविटी में सुधार होगा, उद्योग और व्यापार को मजबूती मिलेगी तथा राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से दैनिक यात्रा आसान होगी और राज्य के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों एम. करुणानिधि, जे. जयललिता, ओ. पन्नीरसेल्वम, एडापड़ी के. पलानीसामी और एम. के. स्टालिन के साथ अपने संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि सरकारों के बदलने के बावजूद तमिलनाडु के विकास और वहां के लोगों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा एक जैसी रही है, और वे मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ मिलकर इस विकास यात्रा को आगे जारी रखेंगे।
सार्वजनिक जीवन में अपने 25 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की प्रगति उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, वैज्ञानिक उपलब्धियों और आधुनिक बुनियादी ढांचे से ताकत हासिल करती है। उन्होंने तमिलनाडु के मंदिरों, वैज्ञानिक संस्थानों और मेट्रो रेल नेटवर्क को परंपरा और आधुनिक विकास के मेल का बेहतरीन उदाहरण बताया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
ब्रेन रिसर्च सेंटर और चेन्नई मेट्रो का विस्तार
- सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर: प्रधानमंत्री ने आईआईटी मद्रास में ‘सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर’ राष्ट्र को समर्पित किया। यह केंद्र भ्रूण अवस्था से लेकर वृद्धावस्था तक मानव जीवनकाल के दौरान 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों का मानचित्रण (mapping) करने और सेलुलर रिजॉल्यूशन पर 3डी एटलस बनाने की एक अनूठी वैज्ञानिक पहल का हिस्सा है।
- सी-स्ट्रोक (C-STROKE) एटलस: पीएम मोदी ने इस्केमिक स्ट्रोक से प्रभावित मानव मस्तिष्क के एक अनूठे एटलस ‘सी-स्ट्रोक’ का भी विमोचन किया, जिसमें 1,000 से अधिक एनोटेटेड माइक्रोस्कोपिक सेक्शन शामिल हैं। यह दुनिया भर के शोधकर्ताओं को उपचार के लिए नए लक्ष्य तलाशने में मदद करेगा।
- चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना: इससे पहले दिन में, प्रधानमंत्री ने लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बने चेन्नई मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज-2 के तहत पूनमल्ली-वडपलानी खंड का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने संयुक्त रूप से नई मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर भी किया।
फेस-2 के कॉरिडोर-4 का यह नया खंड लगभग 15 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 11 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य तमिलनाडु में परिवहन संपर्क को मजबूत करना, बुनियादी ढांचे में सुधार करना और वैज्ञानिक अनुसंधान को आगे बढ़ाना है।
