भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने ग्रैंड चेस टूर के आखिरी चरण के फाइनल में शानदार अंदाज में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने जर्मनी के विंसेंट कीमर को 19-9 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
क्लासिकल के दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद प्रज्ञानानंदा को अंतिम दिन छह अंकों की मजबूत बढ़त हासिल थी। अंतिम दिन कम समय वाले रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले खेले गए। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने लगातार दो रैपिड मुकाबलों में कीमर को हराकर अपनी बढ़त को निर्णायक बना दिया और 17-3 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
इसके बाद ब्लिट्ज के पहले मुकाबले में भी जीत दर्ज करते हुए प्रज्ञानानंदा ने अपना स्कोर 19 अंक तक पहुंचा दिया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया।
अब प्रज्ञानानंदा का सामना टूर्नामेंट के प्री-इवेंट प्रबल दावेदार और मौजूदा चैंपियन अमेरिका के फैबियानो करूआना से होगा। ग्रैंड चेस टूर में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी अगले साल के ग्रैंड चेस टूर के लिए स्वतः क्वालीफाई करेंगे।
