बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रहे अत्याचार, दुराचार और आगजनी की घटनाओं को लेकर प्रयागराज में मुस्लिम बुद्धिजीवियों और समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को सुभाष चौराहे पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्र हुए और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मो. युनूस का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहां हिंदुओं पर हो रहे हमलों को तत्काल रोकने की मांग की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे वहां भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने भारत सरकार से भी इस गंभीर मुद्दे पर सख्त कदम उठाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समुदाय पर अत्याचार मानवता के खिलाफ है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के संयोजक अशफाक उल्ला खान ने कहा कि मुस्लिम समाज मानवता के आधार पर इस अन्याय के खिलाफ खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्लिम समाज हिंदू भाइयों के साथ है और उनके समर्थन में आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। जरूरत पड़ी तो बांग्लादेश सीमा तक जाकर भी पुतला दहन किया जाएगा।
