हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकसित भारत बजट 2026-27 में हरियाणा के ऐतिहासिक स्थल राखीगढ़ी को देश के 15 ‘आइकॉनिक पुरातात्विक स्थलों’ की सूची में शामिल किए जाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हरियाणा के लिए गर्व का विषय है और इससे राज्य की ऐतिहासिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट में राखीगढ़ी को शामिल करना एक दूरदर्शी पहल है। इससे विश्व की सबसे प्राचीन और विशाल सिंधु-सरस्वती सभ्यता के इस महत्वपूर्ण केंद्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राखीगढ़ी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत पर्यटकों के लिए बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष पाथ-वे बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय युवाओं को गाइड के रूप में रोजगार देने की योजना बनाई जाएगी। साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस पहल से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
राखीगढ़ी को सिंधु-सरस्वती सभ्यता का एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। पुरातात्विक दृष्टि से यह स्थल विश्व के सबसे बड़े हड़प्पा कालीन स्थलों में शामिल है। इस कारण यह भारत की प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को समझने में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल से देश की ऐतिहासिक धरोहरों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी और भारत के पर्यटन क्षेत्र को भी नई दिशा मिलेगी।
