साइबर थाना छपरा द्वारा चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। इस अभियान के तहत करीब 8 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के लगभग 50 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए गए। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
इस संबंध में जानकारी देते हुए साइबर थाना छपरा के डीएसपी चंद्रभूषण ने बताया कि सारण जिले में चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए साइबर थाना लगातार ऑपरेशन मुस्कान अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी माध्यमों की मदद से मोबाइल फोन को ट्रैक किया जाता है और बरामदगी के बाद आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया जाता है।
डीएसपी ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत शनिवार को सारण जिले में चोरी और गुम हुए करीब 8.50 लाख रुपये मूल्य के 50 मोबाइल फोन बरामद किए गए। लंबे समय बाद अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने राहत महसूस की और साइबर थाना छपरा की इस पहल की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियानों से अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ आम लोगों का पुलिस पर विश्वास भी मजबूत होता है। साइबर थाना भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखेगा, ताकि चोरी और साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
