समस्तीपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर कुष्ठ निवारण को लेकर पंद्रह दिवसीय जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरबिंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि यह जागरूकता रैली महात्मा गांधी के कुष्ठ मुक्त भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि समाज में कुष्ठ रोग के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करना और प्रभावित लोगों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
रैली के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने कुष्ठ रोगियों के साथ किसी भी प्रकार का सामाजिक भेदभाव न करने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार और रोकथाम के बारे में जागरूक करने का संदेश दिया गया।
