उत्तर प्रदेश के संभल में हिंसा के मुख्य आरोपी शारिक साठा के खिलाफ नखासा थाने में दो नई एफआईआर दर्ज की गई हैं। यह कार्रवाई एसआईटी प्रभारी रजनीश कुमार की तहरीर पर की गई है।
शारिक 25 अक्टूबर को न्यायालय में पेश नहीं हुआ था, जबकि उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 84 के तहत उद्घोषणा जारी की गई थी। लंबे समय से फरार चल रहा शारिक 2020 में फर्जी पासपोर्ट बनवाकर दुबई भाग गया था। उसके खिलाफ पहले भी वारंट और गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी हो चुके हैं।
शारिक साठा को भारत का सबसे बड़ा ऑटो लिफ्टर माना जाता है, जो हर वर्ष लगभग 300 वाहन चोरी करता था। इस मामले में नखासा थाना पुलिस और एसआईटी लगातार उसकी तलाश में दबिशें दे रही हैं और यह भी जांच कर रही है कि विदेश में रहते हुए उसे कौन मदद पहुंचा रहा है।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि शारिक के खिलाफ अब स्थायी वारंट (Permanent Warrant) और रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान शारिक की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा।
