होली पर्व के मद्देनज़र शेखपुरा जंक्शन पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष एड्स जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार ने किया। शिविर का उद्देश्य अन्य राज्यों से अपने घर लौट रहे प्रवासी श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच कर संभावित संक्रामक बीमारियों की समय रहते पहचान करना है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस विशेष अभियान के तहत श्रमिकों की एड्स (एचआईवी), हेपेटाइटिस और सिफलिश जैसी गंभीर बीमारियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने गृह जिलों में लौटते हैं, ऐसे में स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी हो जाती है ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।
सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अन्य राज्यों से आने वाले श्रमिकों की नियमित रूप से स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है, जिससे मरीजों और उनके परिवारों को सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि यह जांच शिविर शेखपुरा जंक्शन के साथ-साथ बुधौली क्षेत्र में भी लगाया गया है। इसके अलावा 7 मार्च को भी इसी तरह के जांच शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
डॉ. कुमार ने प्रवासी श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी संकोच के जांच शिविर में भाग लें और अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर जांच ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
