सीतामढ़ी जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तापमान में लगातार गिरावट, घना कोहरा और वातावरण में नमी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ठंड से बचाव के लिए लोग सड़कों और चौक-चौराहों पर अलाव जलाकर किसी तरह राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मौसम की मार कम होने का नाम नहीं ले रही है।
ठंड की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी रिची पांडे के निर्देश पर जिला प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से शहर के गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, ताकि उन्हें ठंड से कुछ राहत मिल सके।
इसके साथ ही सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पर भी देर रात विशेष अभियान चलाकर यात्रियों और प्लेटफॉर्म पर ठंड में फंसे लोगों को कंबल बांटे गए। लंबे सफर पर निकले यात्रियों और स्टेशन परिसर में रात गुजारने वाले लोगों के लिए यह पहल काफी राहत देने वाली रही।
जिलाधिकारी रिची पांडे ने बताया कि प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ठंड से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और ठंड के दौरान राहत कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
