स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और क्षेत्रीय चिकित्सकों को उन्नत प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से 4 और 5 अप्रैल 2026 को एक विशेष दो दिवसीय सर्जिकल वर्कशॉप एवं कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। कंकड़बाग स्थित सवेरा कैंसर हॉस्पिटल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. वी. पी. सिंह ने इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तर-पूर्वी राज्यों के साथ-साथ देशभर और पड़ोसी देश नेपाल के नामचीन चिकित्सक हिस्सा लेंगे।
इस कार्यशाला का मुख्य लक्ष्य चिकित्सकों को स्तन रोगों के आधुनिक उपचार और नवीनतम सर्जिकल तकनीकों से रूबरू कराना है, ताकि आम मरीजों को अधिक सटीक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके। इस शैक्षणिक आयोजन में एम्स पटना, आईजीआईएमएस, पीएमसीएच और महावीर कैंसर संस्थान जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन न केवल चिकित्सा शिक्षा को मजबूती देगा, बल्कि इस क्षेत्र में उपचार की गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान करने में भी मील का पत्थर साबित होगा।
