भारतीय एथलीट तेजस्विन शंकर ने अमेरिका के टेक्सास स्थित सैन एंजेलो में आयोजित 2026 डेविड नोबल रिले में अपने डेकाथलॉन सीजन की बेहद प्रभावशाली शुरुआत की है। इस प्रतियोगिता में तेजस्विन ने 7947 अंकों का एक नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्कोर हासिल करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। हालांकि तेजस्विन का यह स्कोर उनके द्वारा पिछले साल पोलैंड में बनाए गए 7826 अंकों के राष्ट्रीय रिकॉर्ड से काफी अधिक है लेकिन तकनीकी कारणों से इसे नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के रूप में मान्यता नहीं मिल पाएगी। वर्ल्ड एथलेटिक्स नियमों के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान हवा की गति निर्धारित सीमा से अधिक (विंड-असिस्टेड) होने के कारण इस स्कोर को रिकॉर्ड बुक में शामिल नहीं किया जा सकेगा क्योंकि नेशनल कॉलेजिएट एथलेटिक एसोसिएशन (NCAA) के तहत होने वाले आयोजनों में भी डेकाथलॉन रिकॉर्ड के लिए विंड-एवरेजिंग नियम का पालन किया जाता है।
भारतीय नेशनल हाई जंप रिकॉर्ड धारक तेजस्विन ने इस मीट के दौरान कई व्यक्तिगत स्पर्धाओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने 100 मीटर की दौड़ को मात्र 10.59 सेकंड में पूरा किया और लंबी कूद में 7.66 मीटर की दूरी तय की। इसके अलावा उन्होंने शॉट पुट में 13.98 मीटर और पोल वॉल्ट में 4.35 मीटर का अपना नया सर्वश्रेष्ठ स्तर हासिल किया। तेजस्विन के इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें प्रतियोगिता में एकतरफा बढ़त दिलाई जहाँ उन्होंने दूसरे स्थान पर रहे एमिल उहलिन और तीसरे स्थान पर रहे डोरियन चार्ल्स को काफी बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया। तेजस्विन की इस फॉर्म ने आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारत की पदक उम्मीदों को और मजबूती प्रदान की है।
