तिब्बत के नागकू शहर के बाकेन काउंटी में कल शाम 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 54 से अधिक लोग घायल हो गए। भूकंप के तेज झटकों के कारण सैकड़ों मकान ढह गए और कई स्थानों पर चट्टानें खिसकने (रॉकफॉल) की घटनाएं हुईं। प्रभावित लोगों की मदद और आपातकालीन राहत प्रदान करने के लिए 1,600 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है और बचाव अभियान तेजी से जारी है।
नागकू मीडिया कार्यालय के अनुसार, भूकंप में कम से कम 339 घर और 20 मवेशी शेड पूरी तरह ढह गए। घायल हुए लोगों में से 11 की हालत गंभीर बनी हुई है। क्षेत्र के कई हिस्सों में संचार सेवाएं बाधित हो गई हैं, जबकि एहतियात के तौर पर रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन सेवाओं को रोक दिया है।
इस बीच, मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर बर्फबारी की आशंका जताई है। इससे बेघर हुए निवासियों और ठंड के बीच राहत एवं बचाव कार्य में जुटे कर्मियों की चुनौतियां बढ़ने की चिंता जताई जा रही है।
भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप भारतीय समयानुसार कल शाम 8:03 बजे आया, जिसका केंद्र ल्हासा से लगभग 400 किलोमीटर दूर नागकू शहर में जमीन से 173 किलोमीटर की गहराई पर था।
