लीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में हुए एक जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए हैं। रविवार शाम जुहू में पुष्पा पार्क के पास मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर अपने वाहन से लौट रहे थे। हमलावरों ने भीड़ का फायदा उठाकर 3 से 4 राउंड गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लग गई, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए विले पार्ले के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच की टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगालने के लिए 12 से अधिक विशेष टीमों का गठन किया है।
वहीं, सोशल मीडिया पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का प्रतिनिधि बताने वाले अनिल पंडित नाम के शख्स ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस फिलहाल इन सोशल मीडिया दावों की प्रामाणिकता और हमले के पीछे की मुख्य वजह की जांच कर रही है।
