प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नवाचार, ऊर्जा और स्पष्ट उद्देश्य के साथ युवा शक्ति देश निर्माण की अग्रिम पंक्ति में खड़ी है। उन्होंने यह बात आज नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब आज के युवा अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दौर में होंगे। यह उनके लिए एक स्वर्णिम अवसर है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज के युवाओं की क्षमता ही आने वाले समय में भारत की क्षमता बनेगी। युवाओं की सफलता, भारत की सफलता को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रधानमंत्री ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग को एक ऐतिहासिक और अनोखी पहल बताया। उन्होंने कहा कि बहुत कम समय में यह संवाद एक विशाल मंच के रूप में उभरा है, जिसने देश के युवाओं को विकास प्रक्रिया में सीधे भागीदार बनाया है। यह मंच अब एक स्वतंत्र थिंक टैंक के रूप में विकसित हो रहा है, जो यह दर्शाता है कि भारत की जेन-ज़ी पीढ़ी रचनात्मकता और नए विचारों से परिपूर्ण है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और देशभर से आए युवा नेताओं से संवाद कर उनके नवाचारों और विचारों को जाना। उन्होंने युवाओं की सोच और समाधान आधारित दृष्टिकोण की सराहना की।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 का आयोजन 9 से 12 जनवरी तक किया गया, जिसमें देशभर के विभिन्न स्तरों पर 50 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी रही। राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में पहुँचे युवा नेताओं का चयन एक कठोर और योग्यता आधारित तीन चरणों की प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। इस प्रक्रिया में राष्ट्रव्यापी डिजिटल क्विज़, निबंध प्रतियोगिता और राज्य स्तरीय विज़न प्रस्तुतियाँ शामिल थीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह के मंच युवाओं को नेतृत्व, नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाकर विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
