लखनऊ: योगी सरकार ने शिक्षकों, शिक्षा मित्रों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। राज्य कैबिनेट ने शिक्षा जगत के लिए कैशलेस मेडिकल बीमा योजना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत अब बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत लाखों शिक्षक, शिक्षा मित्र और कर्मचारी ₹5 लाख तक का कैशलेस चिकित्सा उपचार प्राप्त कर सकेंगे।
सरकार के इस निर्णय से शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों में उत्साह और संतोष का माहौल है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने पर शिक्षकों ने योगी सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा से इलाज के दौरान आर्थिक बोझ की चिंता समाप्त हो जाएगी।
शिक्षकों का मानना है कि इस योजना से न केवल उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि वे मानसिक रूप से निश्चिंत होकर अपने शैक्षणिक दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। सरकार का यह कदम शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल माना जा रहा है।
