मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पिथौरागढ़ भ्रमण कार्यक्रम के समापन के उपरांत एक बार फिर संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री अचानक जिला अस्पताल (बी.डी. पांडेय अस्पताल) पहुंचे और वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड और चिल्ड्रन वार्ड का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अस्पताल परिसर में निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और उन्हें बेहतर इलाज के साथ-साथ सभी आवश्यक सुविधाएं और दवाइयां समय पर उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार आम जनता को सुलभ और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर संकल्पित है, और उपचार के अभाव में किसी भी मरीज को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मरीजों के परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें इलाज या अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी तरह की समस्या या कठिनाई महसूस होती है, तो वे सीधे जिलाधिकारी आशीष भटगांई के माध्यम से अपनी बात उन तक पहुंचा सकते हैं। अस्पताल में मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार और संवेदनशीलता ने वहां मौजूद मरीजों और उनके परिवारों में विश्वास और उत्साह का संचार किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ जिले के वरिष्ठ अधिकारी और अस्पताल प्रबंधन के सदस्य भी उपस्थित रहे।
