उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने देहरादून में परम पूज्य बाबा नीम करौली महाराज जी के जीवन, तपस्या और हनुमान भक्ति पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि यह चलचित्र बाबा नीम करौली महाराज जी के त्याग, जनसेवा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा को गहराई से समझने का एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज जी का संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, अध्यात्म और समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का एक जीवंत मार्ग है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि ऐसी प्रेरणादायक फिल्में हमारी आध्यात्मिक विरासत और महान संतों के जीवन दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
फिल्म के सफल प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री ने निर्देशक, निर्माता, कलाकारों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस विशेष अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी और विधायक श्री प्रदीप बत्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
