राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहले सिविल इन्वेस्टिचर समारोह में देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिन्हें तीन श्रेणियों – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री – में दिया जाता है। वर्ष 2026 के पहले सिविल इन्वेस्टिचर समारोह में कुल 66 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री सम्मान शामिल हैं। बाकी पुरस्कार बाद में आयोजित होने वाले दूसरे चरण के समारोह में दिए जाएंगे।
इस वर्ष केंद्र सरकार ने कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। सम्मान पाने वालों में 19 महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि 16 हस्तियों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा।
पद्म पुरस्कारों की शुरुआत वर्ष 1954 में की गई थी और हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर इन पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। ये सम्मान कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक प्रशासन, व्यापार और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान देने वाले लोगों को प्रदान किए जाते हैं।
