भारत और कनाडा ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते यानी सीईपीए को इस वर्ष के अंत तक अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। भारत-कनाडा व्यापार और निवेश मंच के संयुक्त बयान में भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिधू ने कहा कि दोनों देश एक महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को नई मजबूती देना है।
दोनों मंत्रियों ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और कनाडा के बीच मजबूत आर्थिक साझेदारी से दोनों देशों के कारोबार, उद्योगों और निवेशकों को नए अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही कनाडा-भारत व्यापार और निवेश मंच की शुरुआत भी की गई है, जिसे दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं को एक साथ लाने और नए व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। इस पहल से द्विपक्षीय व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हाल के मंत्रीस्तरीय संवाद से बने सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाते हुए मंत्री मनिंदर सिद्धू ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि एवं खाद्य क्षेत्र, उन्नत विनिर्माण, डिजिटल तकनीक और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि कनाडा इस वर्ष के अंत में भारत के लिए “टीम कनाडा ट्रेड मिशन” का नेतृत्व करेगा। यह कदम भारतीय बाजार में कनाडाई कंपनियों की बढ़ती रुचि और दोनों देशों के बीच व्यावसायिक साझेदारी को और गहरा करने की साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।
