जकार्ता में आयोजित एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण और 10 रजत पदक अपने नाम किए।
अंडर-19 वर्ग में चंद्रिका पुजारी ने 51 किलोग्राम भार वर्ग में उज्बेकिस्तान की नाजोकात मार्दोनोवा को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, प्राची ने 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इंडोनेशिया की दीरा आर्तिका को 5-0 से मात देकर भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।
इसी वर्ग में गुंजन (45-48 किग्रा), जॉयश्री (54 किग्रा), चाहत (60 किग्रा), अंशिका (75 किग्रा), मेघा श्योकंद (80 किग्रा) और प्राची तोकस (81 किग्रा से अधिक) ने रजत पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया।
अंडर-23 वर्ग में निशा ने 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में जापान की कोरिन कोकोफू को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं नीतिका चंद (60 किग्रा), काजल (65 किग्रा), मुस्कान (75 किग्रा) और प्रियंका (80 किग्रा से अधिक) ने रजत पदक जीते।
इससे पहले अंडर-23 वर्ग में तनु (51 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), शिवानी (70 किग्रा) और नैना (80 किग्रा) ने कांस्य पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया।
अब चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले गुरुवार को खेले जाएंगे, जिसमें अंडर-23 वर्ग के तीन और अंडर-19 वर्ग के दो भारतीय मुक्केबाज स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।
