मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में एक प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। डॉलर सूचकांक में कमजोरी ने भी कीमती धातुओं की कीमतों को समर्थन दिया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाले सोने का वायदा अनुबंध पिछली क्लोजिंग 1,42,883 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,44,852 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 9:47 बजे तक सोना 1,517 रुपये यानी 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,44,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,44,311 रुपये का निचला और 1,44,883 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ।
वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी का वायदा अनुबंध 2,23,779 रुपये प्रति किलोग्राम की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 2,26,568 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। सुबह के कारोबार में चांदी 2,259 रुपये यानी 1.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,26,038 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखाई दी। कारोबार के दौरान इसका निचला स्तर 2,25,885 रुपये और उच्चतम स्तर 2,26,892 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ा है, जिससे सोने और चांदी की मांग में तेजी आई है। इसके अलावा, डॉलर सूचकांक में कमजोरी भी कीमती धातुओं के लिए सकारात्मक साबित हो रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं में मजबूती का रुख बना हुआ है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 1.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,133 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.50 प्रतिशत की तेजी के साथ लगभग 60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
उधर, अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के चलते मध्य पूर्व में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों देशों के बीच जारी हमलों और जवाबी कार्रवाई ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है, जिसका असर निवेशकों की रणनीति और कीमती धातुओं की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है।
