प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर शनिवार शाम उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेता दोनों देशों के बीच आपसी हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए ताशकंद शहर को भारतीय झंडों और स्वागत संदेशों वाले होर्डिंग्स से सजाया गया है। उज्बेकिस्तान में प्रधानमंत्री मोदी की यह चौथी यात्रा है, जिसे दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव रविवार को दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों और मजबूत जनसंपर्क पर आधारित द्विपक्षीय रिश्तों की समीक्षा करेंगे। दोनों नेता राष्ट्रपति भवन में व्यापार एवं निवेश, रक्षा सहयोग, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे।
यह यात्रा भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक एवं बहुआयामी सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ-साथ मध्य एशिया के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
