उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित आईआरडीटी (IRDT) सभागार में आयोजित ‘अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान मान्यता प्रमाण-पत्र वितरण समारोह’ के दौरान राज्य के 26 अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को औपचारिक मान्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास समाज के प्रत्येक वर्ग के शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आधुनिक शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को तैयार करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के बच्चे भी तकनीक और शोध के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सकेंगे। इस पहल से राज्य के सभी वर्गों के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर और एक समान शैक्षणिक माहौल प्रदान करने में मदद मिलेगी।
