योग गुरु बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री और बाबा रामदेव के बीच राज्य के सर्वांगीण विकास, योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने तथा उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड न केवल देवभूमि है, बल्कि योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की भी पावन भूमि है। राज्य सरकार देवभूमि की इस विशिष्ट पहचान को वैश्विक पटल पर और अधिक सुदृढ़ और स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जिनके माध्यम से प्रदेश में स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उत्तराखंड में वेलनेस (Wellness) और आयुर्वेद आधारित पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सरकार प्रभावी कदम उठा रही है।
वहीं, योग गुरु बाबा रामदेव ने उत्तराखंड सरकार द्वारा योग, प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेद के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, हिमालयी पर्यावरण और आध्यात्मिक विरासत इसे योग और आयुर्वेद के वैश्विक केंद्र (Global Hub) के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह अनुकूल बनाती है।
