अमरोहा पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला रीना बेगम और उसके पति राशिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रीना बेगम पिछले दो माह से मंडी धनौरा के मोहल्ला कटरा में अवैध रूप से रह रही थी। जांच में सामने आया कि महिला और राशिद की मुलाकात सऊदी अरब में हुई थी, जहाँ दोनों काम करते थे। वहीं रहते हुए दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और दोनों ने निकाह कर लिया।
निकाह के बाद दोनों सऊदी अरब से बांग्लादेश पहुँचे और वहाँ से भारत में घुस आए। रीना बेगम का मूल निवास ढाका जनपद के गाजीपुर में बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा पूछताछ में कई तथ्य सामने आए, वहीं महिला का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह “बॉय बॉय बंग्लादेश” कहते हुए दिखाई दे रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि महिला पर विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि उसके पति राशिद के खिलाफ अवैध तरीके से शरण देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किस उद्देश्य से भारत में रह रहे थे।
