भारत के लोकेश सुब्रमणि ने आज कुआलालंपुर में खेले गए मलेशिया स्क्वैश जूनियर ओपन के फाइनल में स्थानीय दावेदार मोहम्मद इफवात जुल्किफली को सीधे गेमों में हराकर लड़कों के अंडर-17 वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया है। दूसरी वरीयता प्राप्त लोकेश ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 11-6, 11-2, 11-8 से मात दी।
इसी प्रतियोगिता में भारत की आद्या बुधिया और आर्यमन सिंह ने क्रमशः अंडर-17 बालिका और बालक वर्ग के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। इसके अलावा, अंडर-13 बालिका वर्ग में दिव्यांशी जैन, अंडर-11 बालिका वर्ग में अवीशा अग्रवाल और अंडर-19 बालक वर्ग में श्रविन जैन ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
