हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 में सोमवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने साउथ कोरिया के खिलाफ लीग चरण के अपने आखिरी मुकाबले में 8-0 से शानदार जीत दर्ज की। लगातार पांचवीं जीत के साथ मेजबान टीम लीग चरण में अजेय रही और 15 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर फिनिश किया।
दिलप्रीत सिंह (8′, 40′) ने दो गोल दागे, जबकि जुगराज सिंह (11′), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (15′), शिलानंद लकड़ा (33′), सुखजीत सिंह (34′), संजय (36′) और अंगद बीर सिंह (60′) ने एक-एक गोल किया। टूर्नामेंट में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हरमनप्रीत 9 गोल के साथ शीर्ष पर हैं। जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा।
हार के बावजूद साउथ कोरिया छह अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा और अब सेमीफाइनल में उसका मुकाबला एक बार फिर भारत से ही होगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में जापान का सामना मलेशिया से होगा। दोनों सेमीफाइनल 4 नवंबर को खेले जाएंगे।
