प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयासों में भारत की ओर से हर संभव मदद देने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने और सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा की।
बातचीत और कूटनीति ही एकमात्र रास्ता: पीएम मोदी
बातचीत के दौरान राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के साथ जारी संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर अपना पक्ष और आकलन साझा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत हमेशा मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने वाला दृष्टिकोण अपनाता रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संघर्ष का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जा सकता है। भारत शांति स्थापित करने के उद्देश्य से होने वाले सभी प्रयासों में सक्रिय योगदान देने के लिए तैयार है।
जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर साझा की जानकारी
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर बातचीत की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों और अबू धाबी में होने वाली बैठक की तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पहले भी सीधे रूसी नेतृत्व से कह चुके हैं कि अब युद्ध समाप्त करने का समय है। जेलेंस्की ने उम्मीद जताई कि भारत अन्य विश्व नेताओं के साथ बातचीत आगे बढ़ाकर युद्ध समाप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
खाद्य सुरक्षा और समुद्री गलियारे पर चर्चा
दोनों नेताओं के बीच वैश्विक खाद्य सुरक्षा और काला सागर के रास्ते अनाज निर्यात में आ रही रुकावटों पर भी गंभीर चर्चा हुई। जेलेंस्की के अनुसार, खाद्य आपूर्ति के लिए सुरक्षित समुद्री गलियारे स्थापित कराने में भारत मध्यस्थता कर सकता है। उन्होंने कहा कि समुद्री मार्ग बाधित होने से न केवल यूक्रेन, बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। दोनों देशों की टीमें अब इन मुद्दों और द्विपक्षीय मामलों पर लगातार संपर्क में रहेंगी।
