अमेरिका में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की गूंज अब और बुलंद हो गई है। हाल ही में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘हनुमान चालीसा’ उपहार में सौंपी। वाशिंगटन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जब ट्रंप को यह पवित्र पुस्तक भेंट की गई, तो वे इसे देखकर काफी प्रभावित नजर आए। यह पल साबित करता है कि भारतीय संस्कृति अब केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति के दरवाजे तक अपनी जगह बना चुकी है।
व्हाइट हाउस में दिवाली का इतिहास: अमेरिका के सर्वोच्च प्रशासनिक केंद्र में दिवाली मनाने की परंपरा काफी पुरानी है:
- 2003: राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल के दौरान पहली बार व्हाइट हाउस परिसर के ‘इंडियन ट्रीटी रूम’ में दिवाली मनाई गई।
- 2009: राष्ट्रपति बराक ओबामा इतिहास के पहले ऐसे अमेरिकी राष्ट्रपति बने जिन्होंने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में खुद दीया जलाकर दिवाली मनाई।
- 2016: पहली बार ओवल ऑफिस (अमेरिकी राष्ट्रपति के मुख्य कार्यालय) में दिवाली का जश्न मनाया गया।
- 2017 से अब तक: डोनाल्ड ट्रंप और अन्य नेताओं के कार्यकाल में भी यह परंपरा बदस्तूर जारी है।
टाइम्स स्क्वायर पर दिवाली का रोमांच: न्यूयॉर्क के विश्व प्रसिद्ध ‘टाइम्स स्क्वायर’ पर भी दीपावली 2026 की अद्भुत छटा देखने को मिली। हजारों की संख्या में भारतीय और दक्षिण एशियाई मूल के लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। वहां दिवाली बाजार सजाया गया, दीये जलाए गए और मशहूर बॉल ड्रॉप टॉवर पर डिजिटल काउंटडाउन हुआ। इसके अलावा, संगीत कार्यक्रम में रैपर राजा कुमारी और बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
छुट्टी का दर्जा और आधिकारिक मान्यता: अमेरिका में भले ही दिवाली अभी तक देशव्यापी ‘फेडरल हॉलिडे’ (राष्ट्रीय अवकाश) न बनी हो, लेकिन राज्यों के स्तर पर बड़ा बदलाव आया है:
- पेंसिल्वेनिया (2024): दिवाली को आधिकारिक रूप से राज्य मान्यता प्राप्त अवकाश घोषित करने वाला पहला राज्य बना।
- कनेक्टिकट (2025): इसे राज्य स्तरीय अवकाश का दर्जा दिया।
- कैलिफोर्निया (2025-26): अमेरिका के सबसे बड़े राज्य कैलिफोर्निया के गवर्नर ने एक नए विधेयक पर हस्ताक्षर किए, जो 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हुआ। इसके तहत दिवाली पर सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और राज्य कर्मचारियों को छुट्टी का प्रावधान मिला है।
- न्यूयॉर्क शहर (2023-24): न्यूयॉर्क के पब्लिक स्कूलों में 2024 से दिवाली पर आधिकारिक छुट्टी दी जाने लगी है।
अमेरिका में दिवाली का जश्न सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं है। टेक्ससास, कैलिफोर्निया, वाशिंगटन डीसी, सीऐटल से लेकर सैन फ्रांसिस्को, ह्यूस्टन और वर्जीनिया तक पूरे अक्टूबर और नवंबर के महीने में दिवाली के भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 6 अमेरिकी राज्यों के गवर्नरों और 21 शहरों के मेयरों ने इन कार्यक्रमों में शिरकत कर यह साबित कर दिया है कि दिवाली अब अमेरिका के सामाजिक और सांस्कृतिक ढांचे का एक अहम हिस्सा बन चुकी है।
