प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी नई दिल्ली में विकसित किए जा रहे ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ (Yuge Yugeen Bharat Museum) को लेकर अपना विजन साझा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने कहा कि नई दिल्ली जल्द ही दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालय प्रदर्शनी क्षेत्र (म्यूजियम डिस्प्ले एरिया) का घर बनने जा रही है, जो भारत की गौरवशाली सभ्यतागत यात्रा का भव्य उत्सव होगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के ताजा फैसले से ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की इमारतों को इस विश्व स्तरीय संग्रहालय में बदलने के कार्य को नई गति मिलेगी। उन्होंने लिखा कि जो इमारतें अब तक शासन और प्रशासन के केंद्र रही हैं, वे अब एक ऐसे स्थान के रूप में विकसित होंगी जहां लाखों लोग हमारी सभ्यता की कालातीत समृद्धि को देख, अनुभव कर और उसका उत्सव मना सकेंगे।
अपने संदेश में पीएम मोदी ने संग्रहालय की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां प्राचीन ज्ञान प्रणालियों, गणित और खगोल विज्ञान से लेकर वास्तुकला, कला, भाषाओं और आध्यात्म तक के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। विश्व स्तरीय दीर्घाओं (गैलरी) और अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से यह संग्रहालय भारत की हजारों वर्षों पुरानी विरासत को जीवंत कर देगा। प्रधानमंत्री ने इस पहल को भारत की सांस्कृतिक विरासत के लिए एक ऐतिहासिक नया अध्याय करार दिया है।
