प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भारत और आसियान (ASEAN) के बीच बढ़ती साझेदारी पर जोर देते हुए इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए अधिक सहयोग का आह्वान किया। वे फिलीपींस के मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस मंच पर आसियान नेताओं के साथ यह उनका 13वां संवाद है। पीएम ने रेखांकित किया कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति ने पिछले कई वर्षों में भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई दी है।
द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए पीएम मोदी ने कहा कि साझा संस्कृति और विरासत पर आधारित यह साझेदारी अब डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद से भारत और आसियान ने जन-संपर्क (पीपल-टू-पीपल टाईज) को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं। इसके तहत 250 से अधिक त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जबकि कौशल विकास के लिए 10,000 से अधिक छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत और नौ आसियान देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन दोनों पक्षों के घनिष्ठ संबंधों को दर्शाता है। सम्मेलन की थीम “नेविगेटिंग अवर फ्यूचर टुगेदर” (एक साथ हमारे भविष्य का मार्गदर्शन) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक संदर्भ में इसका विशेष महत्व है। उन्होंने जोर दिया कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनका भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों में इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बनाने की क्षमता और साझा संकल्प है।
पीएम मोदी ने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष किसी आसियान देश की यह उनकी तीसरी यात्रा है, जो भारत के लिए इस समूह के विशेष महत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि आपस में गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने जोड़ा कि ‘आसियान कम्युनिटी विजन 2045’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले बारह वर्षों में भारत और आसियान ने अपनी साझेदारी को नई ऊर्जा दी है और क्षेत्र के भविष्य के लिए एक नई दिशा तय करने की आवश्यकता पर बल दिया। भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आसियान की एकता और केंद्रीयता के लिए भारत का समर्थन सदैव अटूट रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और एक सुरक्षित, समावेशी तथा समृद्ध इंडो-पैसिफिक के निर्माण में योगदान देगा।
इसके बाद, प्रधानमंत्री ने 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (East Asia Summit) में भी भाग लिया, जिसमें आसियान सदस्य देशों और इसके आठ संवाद भागीदारों के नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
इससे पहले, पीएम मोदी ने आज मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारे का दौरा किया और पंज प्यारों की उपस्थिति में गुरुद्वारे के पुनर्विकास के लिए शिलान्यास समारोह का नेतृत्व किया।
