बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जीशान अख्तर के नाम से दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
असली आरोपी या बहरूपिया, जांच जारी
पुलिस अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमकी वाकई जीशान अख्तर ने भेजी है या फिर किसी ने उसका नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को निशाना बनाया और एजेंसियों को गुमराह करने की कोशिश की है। गौरतलब है कि बाबा सिद्दीकी की अक्टूबर 2024 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। उन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय आईआईटी ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि वैभव का किसी आपराधिक गैंग से कोई जुड़ाव नहीं था और वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फिल्मी सितारों को धमकियां भेज रहा था। सैफ अली खान को मिली ताजा धमकी के मामले में भी पुलिस इस एंगल से पड़ताल कर रही है कि कहीं कोई व्यक्ति एआई या अन्य तरीकों का इस्तेमाल कर कलाकारों और पुलिस को परेशान तो नहीं कर रहा।
