प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच फिर से हुए गठबंधन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे एक ‘स्वाभाविक गठबंधन’ बताते हुए विश्वास जताया कि यह पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सर्वोपरि है और उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर शिरोमणि अकाली दल की एनडीए परिवार में वापसी हो रही है।
पंजाब को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा गठबंधन: पीएम मोदी प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल द्वारा सींचा गया अकाली दल-भाजपा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। यह गठबंधन सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जनहितैषी शासन मिले और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुए।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले औपचारिक ऐलान गौरतलब है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों ने एक साथ आने का फैसला किया है। मंगलवार दोपहर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस बैठक के बाद अमित शाह ने नितिन नबीन और सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा भी उपस्थित रहे।
अकाली दल के साथ आने से पूरा होता है एनडीए: अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि दोनों दलों ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का निर्णय लिया है और आज से अकाली दल एनडीए के सहयोगी के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के दिन सबसे पुराने सहयोगी की एनडीए में वापसी सभी के लिए आनंद का विषय है।
अमित शाह ने यह भी जानकारी दी कि एक दिन पहले जब प्रधानमंत्री मोदी को इस संबंध में बताया गया, तो उन्होंने सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बात कर अपनी खुशी जाहिर की। प्रधानमंत्री ने कहा कि अकाली दल के साथ आने से ही एनडीए पूरा होता है। गृह मंत्री ने आगे कहा कि पीएम मोदी और सुखबीर बादल के बीच तथा अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के बीच वर्षों पुराना गहरा रिश्ता रहा है, जो इस गठबंधन को और मजबूती देगा।
