नेपाल के ताप्लेजुंग जिले में नेपाल-तिब्बत सीमा के करीब ओलांगचुंग गोला के पास आज सुबह स्थानीय समयानुसार लगभग 7:17 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। स्थानीय परिमाण पैमाने (लोकल मैग्निट्यूड स्केल) पर इसकी तीव्रता 5.6 मापी गई है।
नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, इस भूकंप के झटके पड़ोसी राज्य सिक्किम, उत्तर बंगाल और बिहार के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों के कुछ हिस्सों में धरती हिलने की खबरें हैं। इसके अलावा, भूटान और बांग्लादेश के कुछ इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप के कारण उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में स्थानीय लोगों के बीच दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
