प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सिख परंपरा ने सदैव राष्ट्र और इसकी संस्कृति के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने की भावना का प्रतीक प्रस्तुत किया है। वह नई दिल्ली स्थित दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास ‘लोक निवास’ में शबद कीर्तन में शामिल होने के बाद बोल रहे थे।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके सिद्धांत उनके जीवन का अभिन्न अंग रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत के इतिहास के सबसे कठिन दौर में सिख गुरुओं ने राष्ट्र रक्षा और सांस्कृतिक पहचान की भावना को जीवित रखा।
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शाश्वत शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। श्री मोदी ने आशा व्यक्त की कि उनका संदेश नागरिकों को दयालुता, एकजुटता और ‘सबके कल्याण’ (सरबत दा भला) पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।
