भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) डेटा की गोपनीयता और सिस्टम की विश्वसनीयता से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए प्रतिभूति बाजार के लिए एक समर्पित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल विकसित करने की संभावना तलाश रहा है।
‘भविष्य के भारतीय पूंजी बाजार का निर्माण’ विषय पर आयोजित सीएनबीसी-आवाज़ मार्केट महाकुंभ को संबोधित करते हुए सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने आज कहा कि प्रस्तावित एआई मॉडल भारत में ही विकसित किया जाएगा और यह देश के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का हिस्सा होगा। इसके साथ ही उन्होंने सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर में काम करने वाले इंजीनियरों को एआई कौशल से लैस करने के लिए राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान (एनआईएसएम) के सहयोग से एक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की भी घोषणा की। यह कार्यक्रम उन्हें अलर्ट का विश्लेषण करने, स्वचालित प्रतिक्रिया लागू करने और साइबर सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत करने का प्रशिक्षण देगा।
भारतीय पूंजी बाजार के विकास पर प्रकाश डालते हुए श्री पांडे ने बताया कि 2018-19 के बाद से विशिष्ट निवेशकों (यूनिक इन्वेस्टर्स) की संख्या चार गुना बढ़कर लगभग 15.4 करोड़ हो गई है। वहीं, 2015-16 के बाद से इक्विटी बाजार का मार्केट कैपिटलाइजेशन पांच गुना से अधिक बढ़कर 500 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
निवेशकों की सुरक्षा के मुद्दे पर श्री पांडे ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप ग्रुप और एआई-जनरेटेड कंटेंट के माध्यम से प्रचारित होने वाली धोखाधड़ी वाली निवेश योजनाओं के प्रति आगाह किया। उन्होंने बताया कि निवेशकों को यह सत्यापित करने में मदद करने के लिए कि भुगतान सेबी-पंजीकृत मध्यस्थों को ही किया जा रहा है या नहीं, सेबी ने वैलिडेटेड यूपीआई हैंडल और ‘सेबी चेक’ सुविधा शुरू की है। इसके अलावा नियामक भ्रामक निवेश सामग्री और अनधिकृत निवेश सलाह के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रहा है।
